सीबीआई पर मचे घमासान पर केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जांच एजेंसी के दोनों टॉप बॉस बिल्लियों की तरह लड़ रहे थे.
केंद्र ने कहा कि सीबीआई के दो टॉप अफसरों आलोक वर्मा और राकेश अस्थाना के बीच छिड़ी जंग में दखल देना ज़रूरी था.
चीफ़ जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस के एम जोसफ़ की पीठ के सामने इस मामले में अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल केंद्र की ओर से पैरवी कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों के झगड़े से जांच एजेंसी की छवि और प्रतिष्ठा पर असर पड़ रहा था और इस वजह से देश की प्रतिष्ठित जांच एजेंसी की स्थिति बेहद हास्यास्पद हो गई थी.
अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढांचा ढहाए जाने की तारीख 6 दिसंबर को कई हिंदू संगठनों ने आयोजनों का ऐलान किया है. बाबरी एक्शन कमेटी के यौम-ए-ग़म और विश्व हिंदू परिषद के विजय दिवस सहित अन्य संगठनों द्वारा कार्यक्रम करने के ऐलान को लेकर प्रशासन ने समूचे ज़िले में अलर्ट घोषित कर दिया है.
6 दिसंबर को विभिन्न संगठन विजय दिवस, शौर्य दिवस, यौमे ग़म दिवस और अन्य कार्यक्रमों के मद्देनज़र प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के इंतज़ाम किए हैं.
राम जन्मभूमि की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरियर कर पहरेदारी सख्त कर दी गई है और गहन जांच और तलाशी अभियान चल रहा है.
दोनों सदनों के अध्यक्षों ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
11 दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में कामकाज सुचारू रूप से चलने को लेकर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और राज्यसभा अध्यक्ष एम. वेंकैया नायडू ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है.
इसके अलावा सरकार ने भी 10 दिसंबर को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है.
इन बैठकों का उद्देश्य ऐसे मुद्दों पर सर्वसम्मति बनाना है जिनके शीतकालीन सत्र में उठाए जाने की संभावना है.
गौरतलब है कि विपक्ष के पास लोकसभा चुनाव से पहले सरकार को सदन में घेरने का यह आखिरी मौक़ा होगा और उसके पास सरकार से जवाब मांगने के लिए रफ़ाएल डील, किसानों के संकट का मसला और सीबीआई जैसे कई अहम मुद्दे हैं.
रथ यात्रा की अनुमति के लिए कोर्ट पहुंची भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में रथ यात्रा निकालने के इजाज़त देने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट की शरण ली है.
भाजपा ने यह दावा किया है कि पश्चिम बंगाल प्रशासन ने राज्य में 7 दिसंबर से तीन रैलियां निकालने की इजाजत मांगनेवाले उसके आवेदनों पर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है.
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इसी दिन राज्य में तीन 'रथ यात्राओं' पर आधारित पार्टी की 'लोकतंत्र बचाओ रैली' की शुरुआत करने वाले हैं.
No comments:
Post a Comment